पीएम ने स्मार्ट सिटी की सौगात दी : सागर में जमीनी स्तर पर विकास दिख रहा है: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ▪️8 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे ऑडिटोरियम का हुआ भूमिपूजन

पीएम ने स्मार्ट सिटी की सौगात दी : सागर में जमीनी स्तर पर विकास दिख रहा है: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल 

▪️8 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे ऑडिटोरियम का  हुआ भूमिपूजन 


तीनबत्ती न्यूज : 01 मार्च 2025
सागर : नगर निगम द्वारा तिली चौराहे पर 8 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री  राजेंद्र शुक्ल ने भूमिपूजन किया।  इस अवसर पर सागर विधायक शैलेंद्र जैन, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, श्याम तिवारी, सुशील तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह ,कलेक्टर संदीप जी आर, पुलिस अधीक्षक  विकास शाहवाल, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एम आईं सी सदस्य, पार्षद एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।
समय सीमा में बने आडिटोरियम
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सागर के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने सभी विधायकों को 15 करोड़ की अतिरिक्त राशि दी ताकि वे अपने क्षेत्र में विभिन्न विकास के आवश्यक कार्य करा सकें और सागर के विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने इसमें से 8 करोड़ की राशि से यह ऑडीटोरियम बनाने का निर्णय लिया। इसके निर्माण से व्यापक समाज को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं को देरी से पूरा होने में एक बड़ा कारण भूमि की उपलब्धता न हो पाना होती है उन्होंने सागर कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. की सराहना करते हुए कहा कि कलेक्टर ने तत्परता से भूमि उपलब्ध कराई है। इस ऑडीटोरियम के लिए इससे अच्छा स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भूमिपूजन के साथ ही अब निर्माण एजेंसी तत्काल मशीनें लगाकर कार्य को तेजी से पूरा करें और प्रतिमाह प्रगति से हमें अवगत करायें।
 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्मार्ट सिटी की सौगात देकर धन राशि दी और आज सागर में जमीनी स्तर पर विकास दिख रहा है सड़के चौड़ी हुई हैं, अत्याधुनिक खेल सुविधाएं, पार्क, झील का सौन्दर्यीकरण आदि सब देखते ही बनता है।
स्वच्छता में सागर को अग्रणी बनाने में नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए उन्होंने कहा कि आज इंदौर स्वच्छता में प्रथम है क्योंकि स्वच्छता वहां के बच्चे-बच्चे बच्चे के संस्कार में शामिल हो चुकी है इंदौर का बच्चा भी अब कचरा नहीं फैलाता है। 
स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि 20 फ़रवरी से 31 मार्च तक निरोगी काया कल्प अभियान प्रारम्भ किया गया है इसके तहत 30 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के प्रत्येक नागरिक को निःशुल्क मेडिकल जाँच का फायदा मिलेगा। 


विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि हम सबका सौभाग्य है जो हमारे प्रभारी मंत्री मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल के कुशल नेतृत्व में सागर के विकास कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विशेष निधि से राशि उपलब्ध कराई ताकि सागर में आवश्यक विकास किया जा सके। उन्होंने पहले 15 करोड़ रूपये दिये थे जिससे हमने 48 वार्डों में मंगल भवन बनाने का कार्य किया और मुझे ख़ुशी है की आज 48 में से 32 मंगलभवन बनकर तैयार हैं जो जरूरमंद नागरिकों के मंगल कार्यों में सहायक बने हैं। अब जो  राशि हमें मिली उससे ऑडीटोरियम निर्माण किया जा रहा है। हमारे यहां पहले ही पद्माकर सभागार, यूनिवर्सिटी का ऑडिटोरियम और बीएमसी का ऑडीटोरियम उपलब्ध है परन्तु हमारे शहर को आवश्यकता थी कि और भी ऑडीटोरीयम ऐसे आवश्यक स्थलों पर बने। आज जिस ऑडीटोरियम का भूमिपूजन किया गया है यह 2026 के अंत तक नागरिकों के उपयोग हेतु उपलब्ध होगा। हमारी आगामी विशेष निधि को लेकर कार्ययोजना है कि शहर में खेल मैदान उपलब्ध कराएं जाएँ। खेल मैदानों का महत्त्व बच्चों के विकास के साथ जुड़ा है। आगामी वर्ष में 15-20 खेल मैदान बेसिक खेल सुविधाओं सहित तैयार कराने का प्रयास हम करेंगे।

महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने कहा कि  आज उपमुख्यमंत्री जी के कर कमलों द्वारा सागर नगर में विकास का ऐसा अध्याय जुड़ रहा है जो कई दशकों तक लोगों को उपयोगी रहेगा। इसके निर्माण से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक आयोजन भव्यता के साथ किये जा सकेंगे। रंगकर्म और अन्य प्रस्तुतियों हेतु नए-नए मंच उपलब्ध होंगे।


महापौर ने कहा कि सागर न केवल शिक्षा का केंद्र रहा है बल्कि यह साहित्य, सांस्कृतिक धरोहरों व परम्पराओं का भी संगम है। इस ऑडिटोरियम से सभी दिशाओं में प्रस्तुतियों और परिस्कृत बनाने में विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने सागर के नागरिकों को स्वच्छता में सहभागिता करने की अपील की और कहा कि सागर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में तो अग्रणी बनाना ही है इसके साथ ही एक संस्कृति बनाना है कि सागर का प्रत्येक रहवासी स्वच्छता का प्रतीक बने।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर निगमायुक्त  राजकुमार खत्री ने ऑडिटोरियम निर्माण के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि 8 करोड़ रुपए की लागत  से बनने जा रहे ऑडिटोरियम में  30 हजार वर्गफुट जगह में 10 हजार वर्गफुट में बिल्डिंग बनेगी जिसमें 350 सीट, भव्य मंच, चेंजिंग रूम सहित अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें