Khuari News : खुरई प्रदेश का वेल प्लांड शहर : पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ▪️ 51 शासकीय आवासों और नवीन पशु चिकित्सालय का लोकार्पण ▪️ खुरई बीजेपी के मंडल की कार्यशाला आयोजित

खुरई प्रदेश का वेल प्लांड शहर : पूर्व मंत्री  भूपेंद्र सिंह

▪️ 51 शासकीय आवासों और नवीन पशु चिकित्सालय का लोकार्पण

▪️ खुरई बीजेपी के मंडल की कार्यशाला आयोजित

तीनबत्ती न्यूज : 29 अगस्त ,2024

खुरई। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मप्र गृह निर्माण मंडल एवं अधोसंरचना विकास मंडल की पुर्घनत्वीकरण योजना के तहत खुरई में 11.68 करोड़ की लागत से शासकीय अधिकारियों/कर्मचारियों के लिए निर्मित  51 शासकीय आवासों की कालोनी तथा 1.21 करोड़ की लागत से गूलर रोड खुरई में निर्मित नवीन पशु चिकित्सालय भवन का लोकार्पण किया। इन कार्यों को पूर्व नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने अपने मंत्री कार्यकाल में स्वीकृत किया था। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हमने वेल प्लान्ड खुरई, क्लीन खुरई और ग्रीन खुरई बनाने की दिशा में जो काम स्वीकृत किए थे वे निरंतर मूर्त रूप ले रहे हैं।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हमारा एक प्रयास रहा है कि विकास कार्यों में खुरई को प्राथमिकता मिले और यहां आने वाली हर योजना और उसके तहत होने वाले कार्य ऐसे हों जो प्रदेश में और कहीं न हों। उन्होंने बताया कि आज जिस रीडेंसीफिकेशन प्रोजेक्ट के तहत उच्च गुणवत्ता के आधुनिक 51 आवास लोकार्पित हुए हैं वह  योजना सबसे पहले खुरई नगरपालिका क्षेत्र के लिए मैंने तब स्वीकृत की थी जब मैं नगरीय विकास और आवास मंत्री के दायित्व पर था। पूर्व मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सीवर सिस्टम और नगर के सीसी रोडों के निर्माण के लिए 350 करोड़ से जहां काम शुरू हुआ ऐसी पहली  नगरपालिका होने का गौरव खुरई को मिला। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सालय पहले शहर में था, उसे शहर से बाहर बनाया और नगर में रिक्त हुई उस भूमि पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण हुआ।


पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि नगर के भीतर से रेस्ट हाउस बायपास रोड पर बना कर उसकी रिक्त भूमि पर बस स्टैंड बनाया जो रेलवे स्टेशन के करीब होने से जनोपयोगी हो गया। झंडा चौक पर सिविल अस्पताल का भवन कंडम हो चुका था, मरीजों पर छज्जे के हिस्से गिरते थे। अब 100 बिस्तरों का आधुनिक सिविल अस्पताल खुरई में बनाया है जिसका विस्तार दिनों दिन हो रहा है। सिविल अस्पताल से लगी दस एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा कर मेडीकल कॉलेज के लिए आरक्षित किया गया है। इसी प्रकार खुरई तहसील का कार्यालय ठीक वैसा बन रहा है जैसा कि किसी बड़े जिले का कलेक्ट्रेट भवन होता है। वेयर हाउस को नगर से बाहर बना कर उसके स्थान पर किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का निर्माण भविष्य में होना है। पूर्व मंत्री श्री सिंह ने कहा कि हमने सभी अधोसंरचनात्मक कार्य खुरई में रिडेंसीफिकेशन प्रोजेक्ट के माध्यम से पहले ही स्वीकृत करके आरंभ करा दिए हैं। अब आगे और ज्यादा विकास करने का संकल्प मन में है।

उन्होंने कहा कि खुरई विकास का ऐसा माडल बन चुका है जिसे दिखाने मध्यप्रदेश के सभी नगरपालिका अध्यक्षों व सभी सीएमओ को भ्रमण पर लाया गया और उन्हें बताया गया कि एक अविकसित नगर का बड़े नगर के रूप में व्यवस्थित विकास कैसे किया जाता है। हमने खुरई को वेल प्लान्ड, ग्रीन खुरई, क्लीन खुरई बनाया और अब इसके और समृद्धशाली बनाने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। सभी आवास खुरई एसडीएम श्री रवीश श्रीवास्तव को हेंड ओवर किए गए जो शासकीय कर्मियों को आवंटित करेंगे। उल्लेखनीय है कि यह कवर्ड कैंपस शासकीय आवासीय कालोनी बनाने में जिस लगभग 50 करोड़ रुपए कीमत की भूमि का उपयोग किया गया उसे पूर्वमंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने अतिक्रमण से मुक्त कराया था। इस तक पहुंचने का सिंगल रोड अब सीसी टूलेन रोड है। सड़कों के किनारे प्लांटेशन कराया गया है।

ये हुए शामिल

लोकार्पण समारोह में स्वागत भाषण हाऊसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री जीएस दुबे ने दिया। एसडीएम श्री रवीश श्रीवास्तव ने आवासों के निर्माण पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में देशराज यादव, श्रीमती नन्ही बाई अहिरवार, अजीत सिंह अजमानी, जयंत सिंह बुंदेला, वीर सिंह यादव, राजेन्द्र सिंह, प्रताप सिंह लोधी, प्रवीण जैन, श्रीमती अर्चना जैन,राहुल चौधरी,जमना अहिरवार, सोनू चंदेल, बलराम यादव, मनोज राय, राजू चंदेल, महेश विश्वकर्मा, सौरभ असाटी, सचिन असाटी, आकाश परिहार, राशिद वेग, डब्बू पटवी, दीपक  नर्वदा सेन, रवीश श्रीवास्तव, श्रीमती मीना कश्यप, यशेवर्धन जी, दुर्गेश सिंह, शेखर श्रीवास्तव, सचिन परते,  उपस्थित रहे।

खुरई विधानसभा क्षेत्र के चारों भाजपा मंडलों की कार्यशाला को पूर्वमंत्री भूपेंद्र सिंह व जिला अध्यक्ष सिरोठिया ने संबोधित किया


विधानसभा क्षेत्र खुरई भाजपा के सदस्यता अभियान में जिले में नंबर वन रहे, इसके लिए पूरी शक्ति से क्षेत्र के चारों भाजपा मंडलों के कार्यकर्ता परिश्रम करें। यह सदस्यता अभियान तकनीक आधारित है। अतः अधिक से अधिक कार्यकर्ता सोशल मीडिया से जुड़ी तकनीक को समझें सीखें, इससे कार्यकर्ताओं के लिए भविष्य में रोजगार के भी रास्ते खुलते हैं। भाजपा के संगठन महापर्व के अंतर्गत चल रहे सदस्यता अभियान हेतु खुरई विधानसभा क्षेत्र  क्रमांक 36 के चारों भाजपा मंडलों की कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने सैकड़ों की संख्या में आए भाजपा कार्यकर्ताओं से यह बात कही।

पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा के संस्थापक भारत रत्न स्व पं अटल बिहारी वाजपेयी जी ने कहा था कि भाजपा मात्र दल नहीं है, विचार है। जिसका ध्येय राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र सेवा है। भाजपा आज सबसे सशक्त पार्टी बनी है तो अपनी स्पष्ट विचारधारा और जनता के लिए किए गए विकास व कल्याण के कार्यों के बल पर बनी है। उन्होंने कहा कि देश में लोकसभा चुनाव के सर्वश्रेष्ठ शत-प्रतिशत परिणाम मध्यप्रदेश से आए क्योंकि यहां पार्टी संगठन का कार्य मध्यप्रदेश में मजबूत है। संगठन के जितने भी कार्यक्रम हैं वे सर्वाधिक प्रभावी ढंग से मध्यप्रदेश में क्रियान्वित होते हैं।

पूर्व मंत्री श्री सिंह ने कहा कि खुरई में हम सभी ने विकास कार्यों के साथ-साथ भाजपा का संगठन गांव-गांव तक इतना मजबूत किया है कि यहां हर कार्यकर्ता स्वयं प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ता है। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर संगठन का ऐसा सशक्तिकरण कम ही विधानसभा क्षेत्रों में देखने को मिलता है। श्री सिंह ने कहा कि आप कितना भी विकास कर लें , विकास की गाथा जनता के बीच कार्यकर्ता ही ले जाता है। जनता के बीच कार्यकर्ता के माध्यम से होने वाले कल्याणकारी योजनाओं के  क्रियान्वयन से भाजपा कार्यकर्ता की अपने क्षेत्र में  इतनी मजबूत स्थिति होती है कि क्षेत्र का मतदाता उसी के कहने पर वोट डालता है और किसी अन्य चीज से विचलित नहीं किया जा सकता। ऐसे सशक्त कार्यकर्ताओं से बना संगठन अभेद्य होता है और उसे चुनाव में कोई नहीं हरा सकता।


पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि यह सोशल मीडिया का युग है और भाजपा कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के उपयोग में अधिक से अधिक सक्षम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन और संगठन एप से सदस्यता अभियान में अब पहले के बंदी सिस्टम की तरह फर्जी तरीके नहीं अपनाए जा सकेंगे। अब वास्तविक रूप में कम से कम 50 सदस्य बना कर संगठन एप पर दर्ज कराने वाला ही सक्रिय सदस्य बनेगा और यह भी अनिवार्यता है कि सक्रिय सदस्य ही पार्टी के पदों पर रह सकता है। उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। खुरई विधानसभा क्षेत्र का सदस्यता अभियान में नंबर वन आना हम सभी परिश्रम से सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए हमें और अधिक संख्या में विशेषज्ञ स्तर की कार्यशालाओं की आवश्यकता होगी तो हम आयोजित करेंगे। श्री सिंह ने खुरई विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों में शक्ति केंद्र स्तरीय कार्यशालाओं की तिथियां और सदस्यता अभियान के विभिन्न चरणों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र सबसे पहले कांग्रेस मुक्त होने वाला विधानसभा क्षेत्र है और यहां सर्वाधिक संख्या भाजपा कार्यकर्ताओं की है। इस सदस्यता अभियान में भी खुरई अग्रणी रहेगा। उन्होंने कहा कि 3 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सदस्यता लेंगे और इसके तीन दिनों के भीतर अधिकतम सदस्यता हो जाए तो अच्छा होगा। प्रत्येक पन्ना प्रमुख 5 नये सदस्यों को जोड़े, नव मतदाताओं और  हितग्राहियों को जोड़ने पर विशेष रूप से काम हो। उन्होंने बताया कि की गई गतिविधियों को संगठन एप पर दर्ज किए बिना ऐसी गतिविधियां शून्य ही मानी जाएंगी अतः एप पर फीडिंग का ध्यान रखा जाए। फील्ड में जितनी सक्रियता हो उतनी ही मोबाइल पर फीडिंग में सक्रियता बरतना जरूरी है। उन्होंने बताया कि कीपैड मोबाइल से भी सदस्यता संभव है। ऐसे मोबाइल पर आया मैसेज किसी अन्य के स्मार्टफोन पर ट्रांसफर करके उसके डिटेल के साथ फीडिंग संभव है। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र स्तरीय कार्यशाला में एक सक्रिय कार्यकर्ता और एक तकनीकी सक्षम कार्यकर्ता की उपस्थिति रहे।

ये हुए शामिल

कार्यशाला को पार्षद बलराम यादव ने भी संबोधित किया। कार्यशाला के मंच पर  देशराज सिंह यादव, धर्मेन्द्र सिंह, विनोद राजहंस,गौरव सिरोठिया, नरेंद्र द्विवेदी, डेलन सिंह, ठाकुरदास, बलवीर सिंह, प्रताप सिंह, लोधी, देवेंद्र यादव,उदयभान सिंह, सुरेंद्र सिंह, महेन्द्र सिंह यादव, प्रवीण जैन, सौरभ नेमा, नरेश बौद्ध, ऋषभ राय, निर्मल राज, हरिशंकर कुशवाहा, राजपाल सिंह राजपूत, जगदीश अहिरवार, राहुल सिंह राजपूत, भूपेन्द्र लोधी, रामकुमार बघेल, प्रताप सिंह लोधी, भीकम अहिरवार, कृपाल सिंह, गोलू राय, हरपाल सिंह, नारायण सिंह मुकद्दम, कुलदीप राय, अजय राजपूत, सचिन साहू, विनोद लोधी राना जू बुंदेला, नीतिराज पटेल, वीर सिंह यादव, इशाक खान, जयंत सिंह बुंदेला, गोविंद सिंह,उपेंन्द्र राजपूत, अंशुल परिहार, जानी यादव शामिल रहे।


___________


____________________________

___________
एडिटर: विनोद आर्य
________
+91 94244 37885
________
तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने   सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे
X  फॉलो करें
वेबसाईट
इंस्टाग्राम
यूट्यूब लिंक
_____________________


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें