Editor: Vinod Arya | 94244 37885

मोदी सरकार विकास का पर्याय बनी : मुरलीधर राव▪️विचार, विकास और विरासत का संरक्षण और संवर्द्धन हमारा संकल्प : प्रहलाद पटेल

मोदी सरकार विकास का पर्याय बनी : मुरलीधर राव

▪️विचार, विकास और विरासत का संरक्षण और संवर्द्धन हमारा संकल्प : प्रहलाद पटेल


तीनबत्ती न्यूज
सागर,15 जून 2023 । देश की आजादी के बाद केन्द्र में सबसे ज्यादा कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने जितने विकास के काम नहीं किए, उससे कहीं ज्यादा विकास के काम पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किए है। मोदी जी के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ष केन्द्र सरकार अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष रखती है। जनता भलीभांति जानती है कि पुरानी सरकारों और मोदी सरकार में कितना काम किया है। मोदी सरकार विकास का पर्याय बनी है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने सागर के देवरी में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन को केन्द्रीय मंत्री श्री प्रहलाद पटेल एवं जिलाध्यक्ष श्री गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया। 

दिग्विजय सिंह को देखते ही जनता को आज भी याद आती है जर्जर सड़कें


श्री मुरलीधर राव ने कहा कि जब मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह की सरकार हुआ करती थी तब सडकों में गढ्ढें नहीं गढ्ढों में ही सड़कें हुआ करती थी। आज प्रदेश में सडकों का जाल बिछा है। यह सब भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कारण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव के पहले लोग कहते थे कि भाजपा 200 पार नहीं होगी, लेकिन 2014 में भारतीय जनता पार्टी 280 सीटें लायी। 2019 में 300 सीटें पार की जो कोई नहीं कर सकता वह भारतीय जनता पार्टी कर सकती है। इसी तरह मध्यप्रदेश में अगर कांग्रेस नेता पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गांव में प्रचार करेंगे तो इस बार भारतीय जनता पार्टी 200 से अधिक सीटें लाएगी, क्योंकि दिग्विजय सिंह जहां जहां जाते हैं वहां जनता को उनके कार्यकाल की जर्जर सडकें और बदहाली याद आती है। भाजपा सरकार में मध्यप्रदेश आज विकसित और प्रगतिशील प्रदेश बना है। 

मोदी सरकार का लक्ष्य सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण : प्रहलाद पटेल


केन्द्रीय जल शक्ति तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य विचार, विकास और विरासत का संरक्षण और संवर्द्धन करना है। कार्यकर्ता होने के नाते हमारा और हमारी सरकार का भी यही संकल्प है। इस संकल्प को मोदी सरकार ने पूरा किया है। आज उसी का परिणाम है कि 450 वर्ष के संघर्ष के बाद और कई लोगों के बलिदान के बाद जनवरी 2024 में हम भगवान रामलला की पूजा करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में कई सरकारें रही, पिछडा कल्याण के लिए मंडल और आयोग बनाएं, लेकिन उन्होंने संवैधानिक दर्जा नहीं दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पिछड़ा आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर उन्हें मजबूत किया। उन्होंने कहा कि एक समय भारत अर्थव्यवस्था में पिछड़ा हुआ था लेकिन इन 9 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है, जो ब्रिटेन, भारत पर राज करता था। आज अर्थव्यवस्था के मामले में भारत ने उसे पछाड़ते हुए विश्व में पांचवा स्थान हासिल किया है। जल्द ही भारत अर्थव्यवस्था के मामले में तीसरे नंबर पर होगा और एक दिन हम सबसे आगे होंगे। उन्होंने कहा कि सरकारें बदलने या सरकारें बनाना मंतव्य नहीं है। हमारा उद्देश्य गरीबों की सेवा है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के माध्यम से पूरा कर रहे है।  

इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, श्रीमती ललिता यादव, प्रदेश मंत्री श्रीमती लता वानखेड़े जिला प्रभारी श्री श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व मंत्री श्री रामकृष्ण कुसमरिया, जबेरा विधायक श्री धर्मेंद्र सिंह, हटा विधायक श्री पी एल तंतुवाय, पूर्व विधायक श्री राहुल सिंह, श्री भानु राणा, श्री बृज बिहारी पटेरिया, श्री देवेंद्र सिंह, श्री रतन सिंह, श्री वृंदावन अहिरवार, श्री लखन पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा जैन सहित बडी संख्या नगर के प्रबुद्ध जन उपस्थित थे। 


Share:

Related Posts:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com